केले पर निबंध। Essay on Banana in Hindi
प्रस्तावना : केला दुनिया में सबसे अधिक खाए जाने वाले फलों में से एक है। यह मेरा प्रिय फल है। मैं प्रतिदिन केला खाना पसंद करता हूं। यह बड़ा ही स्वादिष्ट होता है। इसका रंग हरा होता है परंतु पकने के बाद यह पीले रंग का हो जाता है। पकने के बाद केला बहुत ही स्वादिष्ट हो जाता है। केले गुच्छे में उगते हैं। कच्चे केले का उपयोग सब्जी के रूप में किया जाता है। केले से कई उत्पाद भी बनाए जाते हैं जैसे मफिंस, केक, ब्रेड, केला चिप्स, बनाना ड्रिंक, आटा, मिठाई आदि। दूध के साथ केला खाने से शरीर ताकतवर हो जाता है।
पोषक तत्वों का स्रोत : केला विटामिन ए, बी तथा सी का अच्छा स्रोत होता है। इसमें खनिज तत्व जैसे मैग्नीशियम, सोडियम, पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस और आयरन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर के विकास में सहायक होते हैं। केला खाने से निम्न रक्तचाप की समस्या कम हो जाती है और यह हमें कैंसर और अस्थमा जैसी बीमारियों से भी बचाता है।
केले का उत्पादन : आज दुनिया में 170 से अधिक देशों में केले की खेती की जाती है। दुनिया में केले के प्रमुख उत्पादक देश भारत, युगांडा, चीन, फिलीपींस, इक्वाडोर, ब्राज़ील इंडोनेशिया आदि हैं। भारत दुनिया में सबसे अधिक केला उत्पादन करने वाला देश है। तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम भारत के प्रमुख केला उत्पादक राज्य हैं।
पौराणिक महत्व : यह पवित्र फलों में से एक माना जाता है और भगवान विष्णु का प्रतीक है। पारिवारिक और दांपत्य जीवन में खुशहाली के लिए भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी को केला चढ़ाया जाता है। दक्षिण भारत में केले के पत्तों तथा फलों का उपयोग शादियों, त्यौहारों और पूजा के लिए किया जाता है। केले के पत्ते विकास और उत्थान का प्रतीक हैं और शुभ समारोहों में पत्तों को घरों के प्रवेश द्वार से बांधा जाता है।
0 comments: